2515779 banka police station बांका पुलिस ने नाबालिग लड़की अपहरण मामले में पुलिस को सफलता, सकुशल बरामद

बांका पुलिस ने नाबालिग लड़की अपहरण मामले में पुलिस को सफलता, सकुशल बरामद

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका थाना क्षेत्र से गत दिनों गायब हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है। बरामदगी के बाद नाबालिग को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पीड़िता के पिता ने बांका थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की सूचना दी थी। आवेदन में बताया गया था कि उनकी पुत्री रोज की तरह घर से पढ़ने के लिए विद्यालय गई थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। जब काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

इसी दौरान पीड़िता के पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें उनसे पैसों की मांग की गई। फोन के दौरान बगल से उनकी पुत्री की आवाज भी सुनाई दे रही थी, जिससे परिजनों को अपहरण की आशंका हुई। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छानबीन शुरू की।

जांच के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि ढाकामोड़ कृष्णाडीह निवासी सिवल कुमार द्वारा नाबालिग लड़की का अपहरण किया गया है। जब इस संबंध में जानकारी देने के लिए पीड़िता के परिजन आरोपी युवक के घर पहुंचे, तो वहां मौजूद उसकी पत्नी समेत अन्य परिजन मारपीट पर उतारू हो गए। इस घटना की भी जानकारी पुलिस को दी गई।

पीड़िता के पिता के आवेदन के आधार पर बांका थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद केस के अनुसंधानकर्ता ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया। बरामदगी के समय लड़की सुरक्षित पाई गई।

See also  बेगूसराय में बम धमाके में दो SI समेत 5 पुलिसकर्मी घायल, दरभंगा सोना लूट कांड के आरोपियों की निशानदेही पर था सर्च ऑपरेशन

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि बरामद नाबालिग को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

 

न्यूज़- दीपक कुमार